रायपुर। राजधानी रायपुर में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। भिलाई निवासी एक IT एक्सपर्ट इस धोखाधड़ी का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि अमेरिका से लौटे पीड़ित के ATM कार्ड को एक अज्ञात व्यक्ति ने चालाकी से बदल दिया और बाद में उनके बैंक खाते से 1 लाख 89 हजार 500 रुपये की रकम निकाल ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ATM में मदद करने पहुंचा शख्स, चुपके से बदल दिया कार्ड
जानकारी के मुताबिक, घटना रायपुर के रिंग रोड स्थित SBI ATM की है। पीड़ित वहां रुपये निकालने पहुंचे थे। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति ने उनकी मदद करने की पेशकश की। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर उसने IT एक्सपर्ट का ATM कार्ड बदल दिया। पीड़ित को तत्काल इस धोखाधड़ी का पता नहीं चल सका।
48 घंटे के भीतर खाते से निकले ₹1.89 लाख
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, 3 और 4 अक्टूबर के दौरान पीड़ित के बैंक खाते से कुल 1,89,500 रुपये की रकम निकाली गई। आशंका है कि आरोपी ने इस राशि का इस्तेमाल ऑनलाइन खरीदारी में किया। खाते से बड़ी रकम गायब होने और कार्ड बदले जाने की जानकारी पीड़ित को करीब चार दिन बाद हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
CCTV और बैंक ट्रांजैक्शन से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश
शिकायत के आधार पर डीडी नगर थाना पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। ATM में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। साथ ही खाते से हुए लेनदेन और ऑनलाइन खरीदारी के रिकॉर्ड की जांच भी की जा रही है, ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके और ठगी के पूरे तरीके का पता लगाया जा सके।
