रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन को अब नया केंद्रीय प्रभारी मिल गया है। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों नेताओं की नियुक्ति भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर किए गए बदलावों के तहत की गई है।
नबीन के बाद प्रभारी पद पर हुआ फैसला
छत्तीसगढ़ भाजपा में प्रदेश प्रभारी का पद कुछ समय से खाली था। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रभारी का दायित्व छोड़ दिया था। इसके बाद से नए प्रभारी की नियुक्ति का इंतजार था। अब पार्टी नेतृत्व ने स्मृति ईरानी के नाम पर फैसला लेते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें सौंप दी है। इसके साथ ही सिद्धार्थ शंभू को सहप्रभारी बनाकर प्रदेश संगठन में केंद्रीय नेतृत्व की नई टीम तय कर दी गई है।
राष्ट्रीय संगठन में भी दोनों को मिली है जिम्मेदारी
स्मृति ईरानी को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली हुई है। अगस्त 2026 में घोषित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था। इसके बाद अब उन्हें छत्तीसगढ़ जैसे महत्वपूर्ण राज्य का संगठनात्मक प्रभार सौंपा गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को भाजपा की राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था। अब वे छत्तीसगढ़ में प्रभारी के साथ मिलकर संगठन से जुड़े कार्यों का दायित्व संभालेंगे।
