छत्तीसगढ़ पहुंचीं भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी : धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का लिया जायजा

भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज छत्तीसगढ़ पहुंचीं। सुबह करीब 9 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे धरमजयगढ़ रवाना हुईं। यहां उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

स्मृति ईरानी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय नेताओं और संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली। आयोजन को सफल बनाने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। इसके साथ ही कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और पार्टी नेताओं के साथ बैठक किए जाने की जानकारी है।

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा जनजातीय गौरव दिवस

भाजपा की ओर से 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह दिन जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगे नितिन नवीन

इस आयोजन की सबसे अहम बात यह है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर उनका प्रदेश आगमन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी शामिल होंगे।

संगठनात्मक लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा दौरा

नितिन नवीन का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा भाजपा के लिए राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए जनजातीय गौरव दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी में जुटी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश संगठन के नेता लगातार सक्रिय हैं। धरमजयगढ़ में स्मृति ईरानी के निरीक्षण को भी इन्हीं तैयारियों की समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।

Exit mobile version