कांग्रेस के 307 ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण : दीपक बैज बोले- अब बूथ से लेकर जमीन तक BJP के खिलाफ मोर्चा संभालेंगे कार्यकर्ता

कांग्रेस के प्रशिक्षण अभियान में दीपक बैज

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर के ब्लॉक अध्यक्षों के लिए चलाए गए संभागवार प्रशिक्षण अभियान का मंगलवार को समापन हो गया। अभियान के तहत संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय करने और राजनीतिक मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर जोर दिया गया। रायपुर संभाग में तीन दिवसीय आवासीय शिविर के साथ प्रशिक्षण का अंतिम चरण पूरा हुआ।

प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से हुई थी। इसके बाद दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में कार्यक्रम आयोजित किए गए। रायपुर संभाग के शिविर में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, धनेंद्र साहू समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने ब्लॉक अध्यक्षों को संगठनात्मक कामकाज और पार्टी की गतिविधियों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया।

बैज बोले- 307 ब्लॉक अध्यक्ष अब जमीनी लड़ाई में उतरेंगे
प्रेसवार्ता में PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश को पांच संभागों में विभाजित कर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण कराया गया। उनके मुताबिक प्रत्येक संभाग में तीन दिन का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। बैज ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 307 ब्लॉक अध्यक्ष जनता के बीच जाकर कांग्रेस की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को लेकर लोगों के बीच जाएंगे और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जाएगा।

असम में बघेल-गोगोई के काफिले पर पथराव को लेकर BJP पर आरोप
असम के नगांव उपचुनाव के प्रचार के दौरान भूपेश बघेल और गौरव गोगोई के काफिले पर हुए कथित पथराव को लेकर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना को लेकर BJP कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि काफिले पर पत्थर और अन्य वस्तुएं फेंकी गईं, जिससे कुछ वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हुए। हालांकि, घटना को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप हैं और अलग-अलग दावे सामने आए हैं। बैज ने कहा कि चुनाव के दौरान इस तरह की घटना चिंताजनक है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

गायों की मौत के मुद्दे पर सरकार पर निशाना
बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र में बंद गोदाम में गायों की मौत के मामले को लेकर भी PCC चीफ ने सरकार पर सवाल उठाए। बैज ने दावा किया कि प्रदेश के कई हिस्सों में मवेशियों की मौत के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने सड़क हादसों और कथित तौर पर चारे की कमी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से पशुओं की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

अजय चंद्राकर के कोर्ट जाने पर बैज की टिप्पणी
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वायरल हुए पुराने वीडियो को लेकर अजय चंद्राकर के न्यायालय पहुंचने के सवाल पर दीपक बैज ने उन पर राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए कोर्ट जाने का आरोप लगाया। बैज ने कहा कि चंद्राकर को न्यायालय जाने से कोई रोक नहीं है और उन्हें अपनी कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाने दी जानी चाहिए।

BJP पार्षद पर हमले को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल
रायपुर में भाजपा पार्षद प्रीतम ठाकुर पर हमले के मामले को लेकर भी बैज ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों के साथ-साथ भाजपा नेताओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बैज ने पूर्व महापौर को कथित धमकी, नेताओं के वाहनों पर हमले और गणेश पंडाल में चाकूबाजी जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री और गृह मंत्री की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

‘गुरु-चेला’ बयान पर श्यामबिहारी जायसवाल को जवाब
कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम पर मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की टिप्पणी को लेकर भी बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी मंत्री के पद के अनुरूप नहीं है। बैज ने भाजपा पर कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम की नकल करने का आरोप लगाते हुए केदार कश्यप का भी जिक्र किया।

UPI टैक्स और महंगाई पर केंद्र को घेरा
UPI से जुड़े टैक्स के मुद्दे पर PCC चीफ ने दावा किया कि GST में सुधार और टैक्स में कटौती के बावजूद आम लोगों को महंगाई से पर्याप्त राहत नहीं मिली है। उन्होंने खाद्य सामग्री समेत रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।

‘घुसपैठिया’ मुद्दे पर बैज ने उठाए सवाल
घुसपैठ के मुद्दे पर दीपक बैज ने भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि देश के भीतर रोजगार की तलाश में एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वाले मजदूरों को किस आधार पर घुसपैठिया कहा जा सकता है। बैज ने कहा कि सरकार को देश के नागरिकों और दूसरे राज्यों से आने वाले श्रमिकों को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

Exit mobile version