रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर के चलते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का दौरा स्थगित कर दिया गया है। खराब मौसम की वजह से मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को रायपुर से उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिल सकी। मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रस्तावित दौरे के सभी कार्यक्रम फिलहाल टाल दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दोनों जिलों में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होना था। कार्यक्रमों के बाद उन्हें जशपुर जिले के बगिया स्थित निजी निवास पहुंचकर रात्रि विश्राम करना था। हालांकि, मौसम खराब होने के कारण पूरा दौरा स्थगित करना पड़ा।
प्रेमनगर में होना था पहला कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को सुबह करीब 11 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए सूरजपुर के लिए रवाना होना था। दोपहर 12:20 बजे वे प्रेमनगर के मिडिल स्कूल मैदान पहुंचते, जहां विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां भी पूरी की गई थीं।
जशवंतपुर में लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित
सूरजपुर के बाद मुख्यमंत्री को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के जशवंतपुर पहुंचना था। यहां दोपहर करीब 2:40 बजे स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण किया जाना था। इसके साथ ही जिले में कई विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी कार्यक्रम में शामिल था।
बगिया में था रात्रि विश्राम
बलरामपुर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का शाम करीब 4:30 बजे जशपुर जिले के बगिया पहुंचने का कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री को यहां अपने निजी निवास पर रात्रि विश्राम करना था। चक्रवात के कारण दौरा स्थगित होने से यह कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है।
