रायपुर। धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान राजधानी रायपुर में बाजारों की बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक दबाव को संभालने के लिए पुलिस ने विशेष निगरानी व्यवस्था तैयार की है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों और अराजकता फैलाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।
ड्रोन और ITMS कैमरों से होगी निगरानी
रायपुर पुलिस शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों, ITMS कैमरों और गूगल मैप्स पर उपलब्ध लाइव ट्रैफिक डेटा का इस्तेमाल करेगी। इन माध्यमों से बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसी इलाके में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने या जाम की स्थिति बनने पर कंट्रोल रूम से संबंधित सेक्टर प्रभारी और पेट्रोलिंग टीम को वायरलेस के जरिए सूचना दी जाएगी। इसके बाद क्विक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराने का काम करेगी।
गूगल मैप पर रेड जोन दिखते ही एक्टिव होगा कंट्रोल रूम
पुलिस की निगरानी व्यवस्था में गूगल मैप्स के लाइव ट्रैफिक डेटा को भी शामिल किया गया है। किसी क्षेत्र में ट्रैफिक बढ़ने पर कंट्रोल रूम से इसकी जानकारी संबंधित टीमों तक पहुंचाई जाएगी। संकरे और ऐसे इलाकों, जहां सामान्य निगरानी मुश्किल होती है, वहां ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच यातायात को सुचारु बनाए रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था पर तेजी से प्रतिक्रिया देना है।
नो-पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई
त्योहारी सीजन में सड़क किनारे बेतरतीब और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों पर भी पुलिस सख्ती करेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटे जाएंगे। जरूरत पड़ने पर यातायात बाधित कर रहे वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें और त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
परेशानी होने पर हेल्पलाइन पर करें संपर्क
यातायात से जुड़ी किसी समस्या या सहायता की जरूरत होने पर लोग रायपुर पुलिस की हेल्पलाइन 9479210632 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस का फोकस त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने पर रहेगा।
