रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर चंदनपुर कर दिया गया है। लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे ग्रामीणों के बीच शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा पहुंचे और राजपत्र की प्रति सौंपकर ग्रामीणों को बधाई दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वागत के लिए मौजूद रहे। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख की घोषणा
नाम परिवर्तन की घोषणा के साथ ही उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव में सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 11.70 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाने की भी बात कही। इस शिविर में आधार कार्ड समेत अन्य सरकारी दस्तावेजों में गांव का नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी, ताकि ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
अब सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज रहेगा ‘चंदनपुर’
छत्तीसगढ़ शासन की ओर से ग्राम चंदनपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया गया है। इसके बाद ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टल पर दर्ज रहेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों की भावना को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा, राज्यपाल की स्वीकृति के बाद अब राजपत्र में इसका प्रकाशन हो गया है।
विजय शर्मा बोले– गांव की पहचान में जुड़ा है इतिहास और भावना
विजय शर्मा ने ग्रामीणों से दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों के नाम केवल स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनसे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और लोगों की भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावना के सम्मान का प्रतीक है। इससे क्षेत्र की स्थानीय पहचान को और मजबूती मिलेगी।
