रायपुर में शराब दुकान को चोरों ने बनाया निशाना : ताला तोड़कर 80 बोतल अंग्रेजी शराब ले उड़े, 34 हजार का माल पार

फाइल फोटो

रायपुर। राजधानी में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। इस बार चोरों ने लाभांडी इलाके में संचालित शराब दुकान को निशाना बनाया। अज्ञात आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखी अंग्रेजी शराब की करीब 80 बोतलें पार कर दीं। चोरी हुए माल की कीमत लगभग 34 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना सामने आने के बाद दुकान प्रबंधन की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर

मिली जानकारी के मुताबिक, लाभांडी स्थित शराब दुकान में अज्ञात चोरों ने पहले ताला तोड़ा और फिर अंदर प्रवेश किया। दुकान में रखी अंग्रेजी शराब की बोतलें समेटने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का पता चलने पर इसकी जानकारी तेलीबांधा थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

शिकायत के अनुसार, चोर करीब 80 बोतल अंग्रेजी शराब ले गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 34 हजार रुपये है। तेलीबांधा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने और उनका पता लगाने में जुटी है।

Exit mobile version