MLA अजय चंद्राकर का कांग्रेस पर तंज : बोले- ‘वोट बचाओ’ नहीं, ‘कांग्रेस बचाओ’ अभियान चलाए पार्टी

MLA अजय चंद्राकर

रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट बचाने के बजाय अपना अस्तित्व बचाने पर ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक, ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ अभियान वास्तव में ‘कांग्रेस बचाओ’ अभियान है।

अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता से जुड़े मुद्दों की कमी है और पार्टी अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए ऐसे अभियान चला रही है। उन्होंने सुखदेव भगत की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि झारखंड में कांग्रेस कितने समय से सत्ता से बाहर है।

नितिन नबीन के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने पर कांग्रेस को दिया जवाब

जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के शामिल नहीं होने को लेकर कांग्रेस द्वारा भाजपा पर जनता से डरने का आरोप लगाए जाने पर भी चंद्राकर ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या कांग्रेस का कार्यालय मौसम विभाग है? कांग्रेस नेताओं को मौसम विभाग में संविदा पर रख लेना चाहिए, क्योंकि उन्हें मौसम की जानकारी अच्छी है। श्री चंद्राकर ने स्पष्ट किया कि मौसम खराब होने के कारण नितिन नबीन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इसे जनता के डर से जोड़ना सही नहीं है।

बस्तर में अब विकास पर रहेगा फोकस

छत्तीसगढ़ से CRPF की नक्सल विरोधी बटालियन को वापस बुलाए जाने के सवाल पर अजय चंद्राकर ने कहा कि बस्तर में शांति की बहाली के बाद अब डी-माइनिंग का काम शेष है। परिस्थितियों में सुधार के चलते सुरक्षा बलों की तैनाती में धीरे-धीरे बदलाव किया जा रहा है। नेताओं की सुरक्षा भी कम की गई है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। शांति स्थापित होने के बाद क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाना अगला लक्ष्य होना चाहिए।

Exit mobile version