रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार शाम हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। माना थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के बाहर तीन नाबालिगों ने 18 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में हत्या के पीछे करीब तीन महीने पुरानी आपसी रंजिश सामने आई है। मृतक की पहचान अश्विनी नगर निवासी सावन सेन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे सावन अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचा था। यहां वह हत्या के एक पुराने मामले में निरुद्ध एक अपचारी बालक से मिलने गया था। मुलाकात के बाद जैसे ही सावन परिसर के मुख्य द्वार से बाहर निकला, वहां पहले से मौजूद तीन नाबालिगों ने उसे घेर लिया और चाकुओं से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने सावन पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद तत्काल पुलिस और डायल 112 को सूचना दी गई।
मेकाहारा अस्पताल में तोड़ा दम
सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल सावन को तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन महीने पुरानी रंजिश में रची हत्या की साजिश
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में हिरासत में लिए गए तीनों नाबालिगों ने वारदात के पीछे पुरानी दुश्मनी की बात स्वीकार की है। आरोपियों के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सावन ने उनमें से एक पर चाकू से हमला किया था। इसी घटना के बाद से उनके बीच रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि बुधवार को आरोपियों को जानकारी मिली कि सावन अपने परिवार के साथ माना स्थित बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचने वाला है। इसके बाद तीनों वहां पहुंचे और उसके बाहर निकलने का इंतजार करने लगे। जैसे ही सावन मुख्य द्वार से बाहर आया, उन्होंने उस पर हमला कर दिया।
सरस्वती नगर की देवार बस्ती के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए तीनों अपचारी बालक सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की देवार बस्ती के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
