रायपुर। अभनपुर के नायब तहसीलदार विपिन पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में है। वायरल वीडियो में वह बीच सड़क पर गाड़ी रोककर जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे हैं। केक काटने के साथ वहां आतिशबाजी भी की गई, जबकि फिल्मी गाने पर रील बनाने का वीडियो भी सामने आया है।
वायरल वीडियो में नायब तहसीलदार विपिन पटेल सड़क पर वाहन खड़ा करते नजर आते हैं। इसके बाद वे वहीं जन्मदिन का केक काटते हैं। इस दौरान सलमान खान की फिल्म के गाने ‘ओ ओ जाने जाना’ पर रील बनाई गई। वीडियो में जन्मदिन सेलिब्रेशन के बीच आतिशबाजी होते हुए भी दिखाई दे रही है।
लोगों ने वीडियो पर उठाए सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक सड़क पर इस तरह जन्मदिन मनाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासकर यातायात व्यवस्था और सड़क पर वाहन रोककर किए गए इस सेलिब्रेशन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। बताया जाता है कि सार्वजनिक सड़कों पर जन्मदिन मनाने और इस तरह यातायात प्रभावित करने वाले आयोजनों को लेकर हाईकोर्ट पहले ही सख्त निर्देश दे चुका है। ऐसे में एक प्रशासनिक अधिकारी का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
