रायपुर। राजधानी के भांठागांव स्थित अवधपुरी इलाके में एक नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने खुदकुशी कर ली। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रायगढ़ निवासी पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह भांठागांव में किराए के मकान में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि छात्र ने दो मंजिला इमारत से गले में जीआई तार बांधकर छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार छात्र शांत स्वभाव का था और पढ़ाई में व्यस्त रहता था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।