नवजातों की खरीद-फरोख्त का मामला गरमाया : स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल बोले- दोषियों को ऐसी सजा मिलेगी जो पीढ़ियां याद रखेंगी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हलचल मचा दी है। इस प्रकरण में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। इसके अलावा इस अवैध गतिविधि में शामिल डॉक्टरों की डिग्री भी फ्रीज की जाएगी। मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि इस अपराध में शामिल लोगों को ऐसी सजा दिलाई जाएगी, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।

एसआईटी जांच की मांग पर मंत्री ने दिया जवाब

इस मामले में कांग्रेस की ओर से एसआईटी जांच की मांग किए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार एसआईटी जांच कराएगी। इसके साथ ही अन्य स्तरों पर भी जांच की जाएगी। उन्होंने अस्पताल के उद्घाटन में कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी को लेकर कहा कि यह अस्पताल कांग्रेस शासनकाल में शुरू हुआ था और शुभारंभ कार्यक्रम में कांग्रेस के मंत्री एवं विधायक शामिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल उद्घाटन में शामिल होने से कांग्रेस की इस मामले में संलिप्तता साबित नहीं होती। मंत्री ने कहा कि वह किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को इस गंभीर मामले में राजनीति करने से बचना चाहिए।

नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की जीत का दावा

राजस्थान के निकाय चुनाव में भाजपा को मिली हार और छत्तीसगढ़ में दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि दोनों राज्यों की राजनीतिक परिस्थितियां अलग हैं। उनके मुताबिक, स्थानीय निकाय चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में पिछले नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। मंत्री ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में भी भाजपा सभी नगरीय निकायों में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी को जीत के ख्याली पुलाव पकाना छोड़ देना चाहिए।

बूथ स्तर तक सक्रिय होंगे भाजपा के मोर्चा-प्रकोष्ठ

भाजपा के मोर्चा और प्रकोष्ठों को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी सौंपे जाने के सवाल पर श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर मोर्चों का गठन किया गया है। सभी मोर्चे नियमित दौरे और संगठन विस्तार के काम में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी के विभिन्न मोर्चे बूथ स्तर तक अपनी गतिविधियां संचालित करेंगे।

पटवारी हड़ताल खत्म होने पर कांग्रेस पर पलटवार

पटवारियों की हड़ताल खत्म होने को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उनके मुताबिक, कांग्रेस नहीं चाहती कि आम जनता की परेशानियां खत्म हों। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को हड़ताल समाप्त कराने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करना चाहिए। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल किसानों की हितैषी होने की बात करती है, जबकि सरकार ने पटवारियों से संवाद और आम लोगों की परेशानी दूर करने की दिशा में कदम उठाए हैं।

Exit mobile version