रायपुर। छत्तीसगढ़ के पेंड्रावन-बंगोली जलाशय क्षेत्र में खनन की अनुमति को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि खनन के लिए दी गई लीज अनुमति वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस किसानों और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में एक्टिविस्ट आलोक शुक्ला के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने जलाशय में खनन के फैसले पर सवाल उठाए और सरकार को कई मुद्दों पर घेरा।
पेंड्रावन जलाशय में खनन की अनुमति पर उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने कहा कि पेंड्रावन जलाशय क्षेत्र में खनन की अनुमति पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में नहीं दी गई थी। इसके बावजूद मौजूदा सरकार ने इस क्षेत्र में खदान के लिए लीज मंजूर कर दी। उन्होंने इसे किसान विरोधी फैसला बताते हुए कहा कि जलाशय और बांध की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट का दिया हवाला
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट में खनन से जलाशय और बांध को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई थी। स्थानीय ग्रामीण भी इस लीज को रद्द करने की मांग कर चुके हैं। बघेल ने कहा कि सरकार को लोगों की चिंताओं को गंभीरता से लेना चाहिए। यदि लीज वापस नहीं ली जाती है तो कांग्रेस किसानों के साथ सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी इस मामले को विधानसभा में उठाएगी।
बेमौसम बारिश और फसल बीमा को लेकर भी सरकार पर हमला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूपेश बघेल ने बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान और किसानों को राहत मिलने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हालिया चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हुई बारिश ने किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन अब तक कई प्रभावित खेतों में सर्वे नहीं हो पाया है। इससे किसानों को मुआवजा मिलने में देरी हो रही है।
किसानों को टोकन के लिए करना पड़ रहा इंतजार
उन्होंने फसल बीमा योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रीमियम कटने के बावजूद किसानों को नुकसान का सर्वे और बीमा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। श्री बघेल ने सरकार से इस स्थिति पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की। धान खरीदी व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उपार्जन केंद्रों में किसानों को टोकन के लिए एक महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे किसानों के साथ मजाक बताया।
मास्टर प्लान पर रोक लगाने के फैसले को लेकर भी घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तैयार किए गए मास्टर प्लान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने गड़बड़ी का आरोप लगाकर उस मास्टर प्लान पर रोक लगा दी थी, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी सरकार खुद कोई ठोस काम नहीं कर पाई है। बघेल ने सवाल किया कि यदि पुराने मास्टर प्लान में खामियां थीं तो सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उसमें क्या गड़बड़ी थी।
