बर्बरिक और पीआरए समूह पर IT की बड़ी कार्रवाई : 225 करोड़ की वित्तीय गड़बड़ी के शुरुआती प्रमाण, 14 करोड़ नकद बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला, लोहा और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह पर आयकर विभाग की छापेमारी में बड़े वित्तीय लेन-देन से जुड़ी अनियमितताओं के शुरुआती संकेत मिले हैं। तीन दिनों तक चली इस कार्रवाई में करीब 225 करोड़ रुपए की वित्तीय गड़बड़ी के प्रारंभिक प्रमाण सामने आए हैं। जांच के दौरान लगभग 14 करोड़ रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण और लेन-देन से संबंधित डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। आभूषणों का अनुमानित मूल्य करीब 20 करोड़ रुपए बताया गया है।

तीन राज्यों के 50 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

आयकर विभाग की डीडीआईटी नवल जैन के नेतृत्व में 120 से अधिक अधिकारियों की टीम ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और झारखंड में एक साथ कार्रवाई की। कुल 50 ठिकानों पर जांच की गई, जिनमें छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में स्थित 36 ठिकाने शामिल थे। महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर तथा झारखंड के रांची और जमशेदपुर में भी टीमें पहुंचीं। इसके अलावा दोनों कारोबारी समूहों के 25 बैंक लॉकर खुलवाकर उनमें रखी संपत्ति और दस्तावेजों की जांच की गई।

दस साल में कारोबार 100 गुना बढ़ने का दावा

आयकर विभाग की जांच में दोनों समूहों के कारोबार में पिछले एक दशक के दौरान करीब 100 गुना वृद्धि होने की जानकारी सामने आई है। अब इस बढ़ोतरी के अनुपात में घोषित आय, जमा किए गए टैक्स और वास्तविक कारोबार का मिलान किया जा रहा है। बताया गया है कि विभाग पिछले तीन महीनों से दोनों समूहों के वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रहा था। पिछले पांच वर्षों के आयकर रिटर्न और वास्तविक कारोबारी गतिविधियों के आंकड़ों में अंतर मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। इससे पहले 2015-16 में भी समूह पर आयकर विभाग की छापेमारी हुई थी। इस बार जांच का केंद्र अघोषित आय, निवेश, संपत्तियों और संभावित कर चोरी से जुड़े दस्तावेज हैं।

कंप्यूटर और लैपटॉप से जुटाए जा रहे डिजिटल सबूत

कार्रवाई के दौरान कारोबारी समूहों के कार्यालयों से मिले कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डेटा सुरक्षित किया जा रहा है। आयकर विभाग के तकनीकी विशेषज्ञ इन उपकरणों में मौजूद डिजिटल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रहे हैं। खास तौर पर कच्चे और पक्के लेन-देन से संबंधित जानकारियां खंगाली जा रही हैं। जांच के दौरान बर्बरिक समूह के प्रमोटर और डायरेक्टर रमेश अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, ध्रुव अग्रवाल और राजेश अग्रवाल से पूछताछ की गई। वहीं पीआरए समूह के प्रमुख प्रहलाद राय अग्रवाल से भी वित्तीय लेन-देन के संबंध में जानकारी ली गई।

फैक्ट्रियों से लेकर 450 करोड़ के रेलवे ठेके तक जांच

आयकर विभाग की जांच का दायरा कई औद्योगिक इकाइयों और बड़ी परियोजनाओं तक फैला हुआ है। बिलासपुर की महानदी इंटरप्राइजेज, मित्तल स्टील, हनुमान हार्डवेयर और मोहदा स्थित फैक्ट्री की जांच की गई। रायगढ़ में सन स्टील और रायगढ़ इस्पात से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। इसके अलावा बर्बरिक समूह की प्रस्तावित IPO योजना और पीआरए समूह को मिले करीब 450 करोड़ रुपए के रायपुर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास ठेके से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं। विभाग इन परियोजनाओं में हुए निवेश, भुगतान और अन्य वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रहा है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

दुर्ग में लॉरेंस बिश्नोई के नाम से फिरौती का...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दवा कारोबारी शशांक चोपड़ा को धमकी देकर 15 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी...

कांकेर में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम : जंगल...

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के...

1500 किलो एनालॉग पनीर पर बड़ी कार्रवाई : खैरागढ़...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15...

छत्तीसगढ़ को मिले स्वनिधि सम्मान के 5 राष्ट्रीय पुरस्कार,...

रायपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल...