रायपुर। पूज्य शदाणी दरबार की 5वीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनके सम्मान में जारी 200 रुपये के स्मारक सिक्के का अनावरण किया। लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में हुए इस कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी इस विशेष सिक्के को माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान की स्मृति से जोड़ा गया है। सिंधी समाज की एक प्रमुख विभूति के सम्मान में भारत सरकार द्वारा स्मारक सिक्का जारी किया जाना समाज के लिए महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर रहा।
सिक्के पर माता हासी देवी की छवि, दूसरी ओर अशोक स्तंभ
स्मारक सिक्के की खासियत यह है कि इस पर माता हासी देवी की छवि अंकित की गई है। वहीं सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग प्रदर्शित किया गया है। इस सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के आध्यात्मिक योगदान और उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालुओं और सिक्का संग्रह करने वालों के लिए इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में देशभर से पहुंचे समाज के प्रतिनिधि
कार्यक्रम के दौरान पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। आयोजन में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। इसके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना समेत वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। शदाणी दरबार के सदस्यों के साथ देशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी आयोजन में हिस्सा लिया।
