रायपुर। महाराष्ट्र मिल्क फेडरेशन चुनाव में राहुल गांधी द्वारा लगाए गए चुनाव में मिलावट के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी कथनी और करनी के चलते देश की जनता का विश्वास खो चुके हैं। देश में लगातार हो रहे चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ रहा है। इसी बौखलाहट में भ्रामक प्रचार कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
जशपुर दौरे से लौटने के बाद रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ चक्रवात से प्रदेश में हुए नुकसान को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी जिलों के कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। फसलों को हुए नुकसान के साथ क्षतिग्रस्त और पूरी तरह से ढह चुके मकानों का भी सर्वे कराया जाएगा, ताकि प्रभावित लोगों की स्थिति का पता लगाया जा सके।
पटवारियों की हड़ताल पर भी दी प्रतिक्रिया
पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल और सरकार की सख्ती को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखने वाली है। कर्मचारियों को काम पर लौटना चाहिए। वे अपनी मांगों को रखने के लिए दूसरे रास्ते भी अपना सकते हैं। काम बंद रखने से आम जनता को परेशानी होती है और इससे प्रदेश का भी नुकसान होता है।
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान में शामिल होंगे सीएम
कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने भाजपा के अभियान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसका आयोजन कई जिलों में हो चुका है। इस अभियान में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर में आयोजित रैली में भी वे हिस्सा लेंगे।
