रायपुर। राजधानी के WRS कॉलोनी स्थित दशहरा मैदान में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व भव्य उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यहां 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के साथ हुई शानदार आतिशबाजी ने पूरे मैदान को रोशनी से भर दिया और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उत्सव का आनंद लिया।
रावण दहन से पहले मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजयादशमी को सत्य की असत्य और धर्म की अधर्म पर विजय का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि इसी दिन भगवान श्रीराम ने अत्याचारी रावण का अंत कर धर्म की स्थापना का संदेश दिया था।
CM साय बोले- छत्तीसगढ़ में विजयादशमी का अलग महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम से गहरे जुड़ा हुआ है। यह माता कौशल्या की भूमि है और भगवान श्रीराम को यहां भांचा माना जाता है। उन्होंने कहा कि वनवास के दौरान भगवान श्रीराम ने अपने जीवन का लंबा समय छत्तीसगढ़ में बिताया था, इसलिए प्रदेश में राम और विजयादशमी के प्रति विशेष आस्था देखने को मिलती है। सीएम ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण को लेकर छत्तीसगढ़वासियों में विशेष उत्साह रहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों की भगवान राम के प्रति आस्था और भावनाएं इस अवसर पर खुलकर सामने आईं।
50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग अयोध्या जाकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर सकें, इसके लिए राज्य सरकार की ओर से रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक लोगों के अयोध्या पहुंचकर दर्शन करने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रति छत्तीसगढ़ के लोगों की आस्था को देखते हुए यह योजना लोगों को धार्मिक यात्रा का अवसर दे रही है।
बोले- अपने भीतर के रावण को भी खत्म करना होगा
मुख्यमंत्री साय ने विजयादशमी के संदेश को सामाजिक जीवन से जोड़ते हुए कहा कि रावण का पुतला जलाना केवल एक प्रतीकात्मक परंपरा नहीं है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर क्रोध जैसे नकारात्मक भाव मौजूद हो सकते हैं और इन्हें खत्म करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपने भीतर मौजूद बुराइयों को दूर करने और सत्य, धर्म तथा सदाचार के रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
नेशनल क्लब के आयोजन की सराहना
सीएम साय ने दशहरा उत्सव के आयोजन के लिए नेशनल क्लब की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि क्लब लंबे समय से रायपुर में दशहरा उत्सव और रावण दहन का आयोजन करता आ रहा है और वे स्वयं भी कई वर्षों से इस कार्यक्रम में शामिल होते रहे हैं।

