तमिलनाडु सीएम थलापति विजय का PA बनकर साइबर ठगी : 6 गुना मुनाफे का लालच देकर राजनांदगांव के व्यक्ति से 87 हजार रुपये ठगे

बसंतपुर थाना

राजनांदगांव। साइबर ठग अब लोगों को जाल में फंसाने के लिए बड़े नेताओं और चर्चित हस्तियों के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। राजनांदगांव के बसंतपुर थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक शख्स को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता थलापति विजय का निजी सहायक (PA) बनकर फोन किया गया। ठग ने निवेश पर छह गुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 87 हजार रुपये ऐंठ लिए।

व्हाट्सएप कॉल कर खुद को बताया मुख्यमंत्री का PA

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, ठगी के शिकार हुए पवन कुमार टंडन भरेगांव के निवासी हैं और बसंतपुर थाना क्षेत्र की सुरगी चौकी के अंतर्गत आते हैं। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय यानी थलापति विजय का PA बताया।

6 गुना रकम लौटाने का दिया लालच

आरोपी ने पवन कुमार को भरोसे में लेते हुए कहा कि यदि वे बताए गए बैंक खाते में पैसे जमा करते हैं, तो उन्हें निवेश की रकम से कम से कम छह गुना ज्यादा पैसा मिलेगा। अधिक मुनाफे की उम्मीद में पवन कुमार उसके झांसे में आ गए और करीब 87 हजार रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए।

रकम मिलते ही व्हाट्सएप नंबर किया डिलीट

पैसे खाते में पहुंचते ही ठग ने अपना व्हाट्सएप नंबर डिलीट कर दिया। इसके बाद पवन कुमार को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने बसंतपुर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस

मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।

Exit mobile version