भिलाई। स्वयंसिद्धा और ऑफिसर्स एसोसिएशन भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को प्रगति भवन, सिविक सेंटर में एक सादे और गरिमामय समारोह में स्वयंसिद्धा ए मिशन विद ए विजन समूह की पहली स्मारिका “प्रत्यावर्तन” का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि मोनिका वर्मा, आयुक्त, नगर पालिका निगम रिसाली थीं, जबकि कार्यक्रम के अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. परदेशी राम वर्मा थे। विशिष्ट अतिथियों में श्री परविंदर सिंह, महासचिव, ऑफिसर्स एसोसिएशन भिलाई इस्पात संयंत्र, डॉ. सुधीर शर्मा, साहित्यकार और प्रकाशक, डॉ. रजनी नेल्सन, शिक्षा विद और पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, धर्मेंद्र भगत, पार्षद वार्ड 23 रिसाली, विजय वर्तमान, वरिष्ठ साहित्यकार, अमिताभ भट्टाचार्य, स्वच्छता दूत और समाजसेवी, और मदन सेन, समाजसेवी शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजा अर्चना से हुई। शीला प्रकाश ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि मोनिका वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि अगर लोग अपनी बेटियों की शिक्षा पर ध्यान दें, तो नारी सम्मान और स्त्रियों के प्रति समाज का दृष्टिकोण बदल सकता है। उन्होंने स्वयंसिद्धा संगठन के कार्य की सराहना की। डॉ. परदेशी राम वर्मा ने संगठित होकर कार्य करने की अहमियत पर बल दिया और कहा कि स्वयंसिद्धा ने यह साबित किया है कि महिलाएं संगठित होकर समाज को नई दिशा दे सकती हैं।
कार्यक्रम में स्वयंसिद्धा के विभिन्न समूहों – अपराजिता, विश्वरूपा, तेजस्विनी, स्वस्तिका और जागृति – द्वारा महिलाओं को आत्मविश्वास से परिपूर्ण बनाने के लिए की गई गतिविधियों की जानकारी दी गई। वर्ष 2024 का बेस्ट समूह का रनिंग शील्ड स्वस्तिका समूह को दिया गया। इसके अलावा, पत्रिका की कवर पेज बनाने वाली चित्रकार वर्षा सिंह को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गई। विश्वरूपा समूह द्वारा नारी शक्ति पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसका निर्देशन रूमा दे ने किया। तेजस्विनी समूह ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, और नीरा लखेरा ने ‘बेखौफ जीना है मुझे’ थीम पर नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। संस्था की संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. सोनाली चक्रवर्ती ने कार्यक्रम का संचालन किया और पिछले 20 वर्षों में किए गए कार्यों के बारे में बताया। कार्यक्रम में कई सदस्य और सहयोगियों का योगदान रहा, और धन्यवाद ज्ञापन टीम मैनेजर संदीप चक्रवर्ती ने दिया।