रिटायर्ड IAS बी.के.एस. रे का निधन, प्रशासनिक और शैक्षणिक जगत में शोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी बी.के.एस. रे का आज निधन हो गया। उन्होंने रायपुर स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक, शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

बी.के.एस. रे वर्ष 1972 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी थे। अपने लंबे प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने गृह, परिवहन और विमानन विभाग सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियां संभालीं। उनकी पहचान एक कुशल, संवेदनशील और दूरदर्शी प्रशासक के रूप में रही।

उन्होंने प्रशासन अकादमी के महानिदेशक के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा मंडल और व्यावसायिक परीक्षा मंडल के अध्यक्ष पद का दायित्व निभाते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

सुशासन, शिक्षा और सार्वजनिक नीति के क्षेत्र में उनके कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

बी.के.एस. रे के निधन को प्रदेश के प्रशासनिक और शैक्षणिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके योगदान और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

Exit mobile version