CG – RTO कर्मचारियों पर अवैध वसूली और बदसलूकी का आरोप, चालकों ने NH-30 पर ट्रकों को खड़ा कर लगाया लंबा जाम

CG

कांकेर: बालोद जिले की सीमा से लगे कांकेर क्षेत्र के ग्राम मुजालगोंदी के पास नेशनल हाईवे-30 पर उस वक्त भारी तनाव की स्थिति बन गई, जब ट्रक चालकों और आरटीओ (RTO) कर्मचारियों के बीच तीखा विवाद हो गया। RTO अमले के कथित दुर्व्यवहार और अवैध वसूली से नाराज ट्रक चालकों ने बीच सड़क पर अपने वाहन खड़े कर दिए, जिससे हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

अवैध वसूली और बदसलूकी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों ने RTO कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। विरोध करने पर कर्मचारियों ने चालकों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। इस कथित दुर्व्यवहार से आक्रोशित होकर ड्राइवरों ने विरोध स्वरूप नेशनल हाईवे-30 पर गाड़ियां तिरछी खड़ी कर चक्काजाम कर दिया।

हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार
व्यस्ततम नेशनल हाईवे-30 पर अचानक हुए इस चक्काजाम के कारण दोनों ओर देखते ही देखते वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। लंबी दूरी की बसें, कारें और मालवाहक वाहन जाम में फंस गए, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच के बाद होगी कार्रवाई
हाईवे जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ट्रक चालकों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात बहाल कराने के लिए सड़क से वाहनों को हटवाया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version