दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने शहर के इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में संचालित किए जा रहे अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमार कार्रवाई की, जिसमें लॉज से दो पुरुष और तीन महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम मिली सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से जलाराम लॉज में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान लॉज का संचालक भी मौके पर मौजूद मिला। तलाशी के दौरान पुलिस ने लगभग 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।

इस मामले में पुलिस ने पीटा एक्ट (अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज कर विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लॉज में कथित अनैतिक देह व्यापार का संचालन कर रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधि संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

