CG News : अतिप्राचीन नन्हेश्वर शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी, क्षेत्र में भारी आक्रोश

जशपुर। जिले के सन्ना थाना क्षेत्र स्थित अतिप्राचीन नन्हेश्वर शिव मंदिर में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर से शिवलिंग चोरी कर ली, जिससे पूरे क्षेत्र में जनआक्रोश फैल गया है।

जानकारी के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले वर्ष 2022 में भी इसी मंदिर से शिवलिंग चोरी की घटना हो चुकी है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाई है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में जुटे और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।

वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version