बलौदाबाजार। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मगरवाय से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। आरोपी ने लकड़ी के पटिया से हमला कर मां को मौत के घाट उतार दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र खुद कोतवाली थाना पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। जैसे ही हत्या की सूचना थाने पहुंची, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुट गई।

बताया जा रहा है कि आरोपी का नाम धनेश्वर प्रसाद वर्मा (42 वर्ष) है, जबकि मृतिका का नाम बेबी बाई वर्मा (लगभग 65 वर्ष) है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।