भिलाई। दुर्ग में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक जवान ने मंगलवार रात ने अपनी सर्विस राइफल इंसास राइफल से खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। जवान की पहचान 32 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है। उसके आत्महत्या करने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। मामला दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार, जवान मनोज कुमार पुत्र सुभाष चंद SSB 28वीं बटालियन में पदस्थ था। वह अंतागढ़ से जनरल ड्यूटी पर SSB क्षेत्रीय मुख्यालय भिलाई आया था। बताया जा रहा है कि रात 8:30 से 11:30 बजे तक उसकी तैनाती मुख्य गेट पर थी।

ड्यूटी के दौरान रात करीब 9.12 बजे जवान ने अपनी सर्विस राइफल से कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर साथी जवान भागकर मौके पर पहुंचे तो मनोज लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसे उठाकर स्पर्श मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रामनगर ले गए। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मनोज के शव को रायपुर AIIMS ले जाया गया है, वहां पोस्टमॉर्टम के बाद गृह ग्राम रवाना किया गया। जवान मनोज मूल रूप से हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिले के नारनूल तहसील के सीमा गांव निवासी था। उसके परिजनों को अफसरों की ओर से सूचना दे दी गई है।

छत्तीसगढ़ में दो दिन पहले पैरामिलिट्री फोर्स के एक और जवान ने सुसाइड किया था। जन्माष्टमी के दिन CRPF के हेड कांस्टेबल ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। वह जवान उत्तराखंड का रहने वाला था और बीजापुर के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पोस्टेड था।





