सूरजपुर डबल मर्डर का सनसनीखेज खुलासा : 19 लाख के लालच में मां-बेटे की हत्या, CCTV ने खोला राज, आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर। जिले के बहुचर्चित मां-बेटे के डबल मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 13 दिन तक चली जांच के बाद पुलिस ने वारदात के आरोपी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतिका शिक्षिका रजनी बरेठ का परिचित था और उसकी पत्नी व रजनी एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं। आरोपी को पहले से पता था कि रजनी करीब 19 लाख रुपये का लोन लेने वाली है। इसी रकम के लालच में उसने हत्या की साजिश रची।

अलग-अलग जगह मिले थे मां-बेटे के शव

मामले की शुरुआत 10 अक्टूबर को हुई, जब महाबीरपुर के कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। जांच में मृतक की पहचान सुजल बरेठ के रूप में हुई। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर और सीने पर चोट के कारण हत्या की पुष्टि होने के बाद जयनगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसी बीच 11 अक्टूबर की रात पुलिस को विश्रामपुर के ममता कॉलोनी स्थित रजनी बरेठ के किराये के मकान में भी शव मिला। घर बाहर से बंद था। पुलिस ने ताला खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो रजनी का शव बाथरूम में पड़ा मिला। पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।

60 से ज्यादा CCTV फुटेज ने पहुंचाया आरोपी तक

मां-बेटे की अलग-अलग जगह हत्या ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी। पुलिस की संयुक्त टीम और साइबर सेल ने शहर के करीब 60 से 70 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान रजनी के घर के आसपास एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया, जिसने काली टी-शर्ट और सफेद गमछा पहन रखा था। इसके बाद एक कार वॉशिंग सेंटर के CCTV फुटेज में भी इसी हुलिए से मिलता-जुलता व्यक्ति दिखाई दिया। फुटेज की जांच में कार का नंबर CG 15 EG 7101 सामने आया। पुलिस ने कार मालिक तक पहुंचकर पूछताछ की तो संदेह प्रवेश कुमार पर गहराया। पूछताछ में उसने रजनी और सुजल की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

19 लाख रुपये के लालच में रची साजिश

पुलिस के मुताबिक, प्रवेश कुमार ने मोटर पार्ट्स कारोबार के लिए करीब 20 लाख रुपये का लोन लिया था और आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था। उसे जानकारी थी कि रजनी करीब 19 लाख रुपये का लोन लेने वाली है और रकम उसके खाते में आने वाली है। इसी पैसे को हासिल करने के लालच में उसने रजनी से रकम मांगी, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने रजनी के साथ मारपीट की और स्टील की पानी की बोतल से उसके सिर पर वार किया। रजनी बचने के लिए भागी तो आरोपी ने उसे बाथरूम की ओर धकेल दिया और पैर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

मां की हत्या का राज खुलने के डर से बेटे को भी मार डाला

पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान रजनी का बेटा सुजल घर में मौजूद था। आरोपी को डर था कि सुजल घटना के बारे में किसी को बता सकता है। इसी वजह से उसने सुजल को भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई। रात में सुजल को कार में बैठाकर आरोपी उसे राय जंगल की ओर ले गया। वहां बहाने से कार रुकवाने के बाद आरोपी ने सुजल पर हमला किया। भागने की कोशिश के दौरान सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।

आरोपी के घर और ससुराल से मिले अहम सबूत

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ग्रैंड विटारा कार, सीमेंट के खंभे का टुकड़ा, स्टील की पानी की बोतल और सुजल की चप्पल बरामद की है। इसके अलावा सुजल के दो मोबाइल आरोपी के विश्रामपुर स्थित घर से मिले। रजनी का मोबाइल अम्बिकापुर स्थित आरोपी के ससुराल से बरामद किया गया। पुलिस ने वहां से रजनी के आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, एटीएम कार्ड और सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना में इस्तेमाल कार को धुलवाया था और कार की खून लगी मैट को जला दिया था। फिलहाल प्रवेश कुमार को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

रायपुर में नशे की बड़ी खेप पकड़ी गई :...

रायपुर। राजधानी में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने महादेवघाट विसर्जन कुंड...

नायब तहसीलदार का सड़क पर शाही बर्थडे सेलिब्रेशन :...

रायपुर। अभनपुर के नायब तहसीलदार विपिन पटेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में है। वायरल वीडियो में...

दुर्ग में 34 हजार लीटर शराब का सफाया :...

दुर्ग। जिले में लंबे समय से जब्त और मानव उपभोग के योग्य नहीं रह गई शराब का आखिरकार नष्टीकरण कर दिया गया। वर्ष 2011...

बस्तर के मुरिया दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू :...

जगदलपुर। बस्तर दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को जगदलपुर के सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल हुईं। यहां उन्होंने बस्तर...