SECL की खदान में हथियारबंद बदमाशों का धावा : ऑपरेटर को बंधक बनाकर लाखों की केबल लूटी, 50 जवानों की सुरक्षा पर सवाल

SECL खदान

सूरजपुर। एसईसीएल के बिश्रामपुर क्षेत्र की बलरामपुर 10/12 भूमिगत खदान में हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार देर रात नकाबपोशों का एक बड़ा गिरोह खदान परिसर में घुसा और ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर को बंधक बना लिया। बदमाशों ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देकर लाखों रुपये कीमती केबल काटी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद खदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रात दो बजे पंखा घर में घुसे 20 से 25 नकाबपोश

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे 20 से 25 की संख्या में नकाबपोश बदमाश बलरामपुर 10/12 भूमिगत खदान के पंखा घर में दाखिल हुए। सभी हथियारों से लैस बताए जा रहे हैं। वहां ड्यूटी कर रहे ऑपरेटर को बदमाशों ने अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने खदान में लगी कीमती केबल काटी और उसे लेकर फरार हो गए।

केबल कटने से घंटों प्रभावित रही व्यवस्था

इस वारदात का असर खदान के संचालन पर भी पड़ा। केबल चोरी होने के कारण बिजली आपूर्ति और पंखों की व्यवस्था कई घंटों तक बाधित रही। भूमिगत खदानों में हवा के आवागमन के लिए वेंटिलेशन व्यवस्था बेहद जरूरी होती है। ऐसे में पंखा घर से केबल चोरी की घटना ने कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ खदान के संचालन को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।

छह दिन में दूसरी बड़ी वारदात, सालभर में दर्जनों घटनाएं

बताया जा रहा है कि पिछले पांच से छह दिनों के भीतर क्षेत्र में केबल चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इसके अलावा बीते एक साल में आसपास की खदानों में दर्जनों बार केबल चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। बदमाशों के इस तरह बेखौफ होकर खदान परिसर में घुसने से सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

50 से अधिक जवान तैनात, फिर भी बदमाशों की सेंध

सबसे हैरानी की बात यह है कि खदान की सुरक्षा के लिए 50 से अधिक त्रिपुरा राइफल के जवानों की तैनाती बताई जा रही है। इसके बावजूद 20 से 25 हथियारबंद बदमाशों का परिसर में घुसकर ऑपरेटर को बंधक बनाना और लाखों की केबल लेकर निकल जाना सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करता है।

Exit mobile version