सरगुजा एकलव्य विद्यालय विवाद: छात्राओं के पैदल कलेक्टोरेट निकलने पर CM सख्त, कलेक्टर को दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा मूलभूत समस्याओं को लेकर पैदल कलेक्टोरेट जाने की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है। घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर सीधी बात की और पूरे मामले की जांच कर लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।

‘बच्चियों को सड़कों पर उतरना पड़े, यह कतई स्वीकार्य नहीं’

मुख्यमंत्री ने बिजली, शिक्षकों की कमी, खराब मेस और साफ-सफाई की अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आदिवासी अंचलों के आवासीय विद्यालयों में बच्चों को अपनी समस्याओं के लिए पैदल निकलना पड़े, यह स्थिति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री के प्रमुख निर्देश:

  • समस्याओं का तत्काल निराकरण: विद्यालय की बिजली, शिक्षकों की उपलब्धता, मेस और साफ-सफाई की व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए।
  • लापरवाहों पर गाज: पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
  • समीक्षा और सतत निरीक्षण: जिले के सभी आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों का प्रशासनिक अधिकारी नियमित निरीक्षण करें, ताकि बच्चों की समस्याओं का समाधान छात्रावास स्तर पर ही हो सके।
  • संवेदनशील प्रशासन: बच्चों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए स्वयं प्रशासन तक न पहुंचना पड़े; उनकी सुरक्षा और बेहतर माहौल सुनिश्चित करना मैदानी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version