सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मरहट्टा गांव में आरोपी पति ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
पुरानी रंजिश को लेकर भी चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी के पड़ोसी युवक के साथ अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर आरोपी और मृतक के बीच पहले भी विवाद और कहासुनी होती रही थी। पुलिस को दोनों के बीच पुरानी रंजिश की जानकारी भी मिली है।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बीच आरोपी ने पड़ोसी युवक पर टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हत्या की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रतापपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी वजह और वारदात से जुड़े घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

