रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में एक बार फिर 10 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है। वहीं उपचाररत यानी एक्टिव मरीजों की संख्या भी 18 से बढ़कर 28 पहुंच गई है।
रायपुर में 3 नए केस, एक्टिव मरीज 9
राजधानी रायपुर में H1N1 के तीन नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 51 से बढ़कर 54 हो गई है। वहीं एक्टिव केस भी छह से बढ़कर 9 हो गए हैं।
दुर्ग में भी बढ़े मरीज
दुर्ग जिले में तीन नए संक्रमित मिलने के बाद कुल मरीजों की संख्या 7 से बढ़कर 10 हो गई है। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या भी 2 से बढ़कर 5 हो गई है।

नए जिलों में भी पहुंचा संक्रमण
स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब उन जिलों में भी सामने आया है, जहां पहले इसके मामले दर्ज नहीं हुए थे। बलौदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर में एक-एक नया मरीज मिला है। तीनों मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।
अन्य जिलों की बात करें तो धमतरी में अब तक 7 संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें 4 एक्टिव हैं। कोरबा में 5 मरीजों में एक का उपचार चल रहा है, जबकि बेमेतरा में 3 संक्रमितों में एक मरीज एक्टिव है।
केंद्रीय जेल के अधिकारी भी संक्रमित
रायपुर स्थित केंद्रीय जेल से जुड़े एक अधिकारी में भी H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। उनका इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार अधिकारी परिवार के साथ कांकेर गए थे। वहां उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद जांच कराई गई। रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारी के परिवार के सदस्यों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पूरी कर ली है। फिलहाल परिवार के अन्य सदस्यों के स्वस्थ होने की जानकारी है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
प्रदेश में बढ़ते H1N1 मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग निगरानी बढ़ा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार बुखार, सर्दी-खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।

