बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक युवा शिक्षिका का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान कुमारी काजल ठाकुर (26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बलौदाबाजार के चांपा स्थित एक स्कूल में व्यवसायिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि उनकी संविदा नियुक्ति पिछले वर्ष हुई थी।

जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका का शव उनके कमरे में पंखे से चुनरी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले की जांच के तहत पुलिस मृतका के परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।