शादी का झांसा देकर शिक्षिका से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर छोड़ा, आत्महत्या मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार

बलौदाबाजार। शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने, गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने और लगातार मानसिक प्रताड़ना देने के मामले में बलौदाबाजार सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 22 जून को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने सुसाइड नोट, दीवार पर लिखे संदेश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, मृतका शासकीय स्कूल में व्यावसायिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी और बलौदाबाजार में किराए के मकान में रहती थी। उसी मकान के पास रहने वाले अभिषेक कुमार जायसवाल ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर पिछले पांच माह से शारीरिक संबंध बनाए।

गर्भवती होने पर शादी से किया इनकार

जांच में सामने आया कि इस दौरान युवती गर्भवती हो गई थी। जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो उसने विवाह से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी। लगातार प्रताड़ना और धोखे से आहत युवती ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सुसाइड नोट और दीवार पर लिखा संदेश बना अहम साक्ष्य

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में एक सुसाइड नोट और दीवार पर अंग्रेजी में लिखा संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि “आरोपी अभिषेक जायसवाल ने मुझे मार डाला।” पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में भी युवती ने आरोपी की प्रताड़ना और धोखे को आत्महत्या का कारण बताया है।

मोबाइल चैट और तकनीकी जांच से आरोपों की पुष्टि

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया। साइबर सेल की मदद से मृतका और आरोपी के मोबाइल फोन की चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई। जांच में युवती के गर्भवती होने और आरोपी द्वारा मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के तथ्य सामने आए।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुमार जायसवाल (30), निवासी ग्राम निमधा, थाना मरवाही, जिला पेंड्रा (हाल निवासी सिविल लाइन, बलौदाबाजार) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने कहा कि महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शादी का झांसा देकर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देना तथा किसी महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करना गंभीर अपराध है। पुलिस ने मामले में सभी तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार किया है और पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version