रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने VSK ऐप में आ रही तकनीकी दिक्कतों और शिक्षकों की शिकायतों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। सरकार ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है और 15 अगस्त तक ऐप की सभी तकनीकी खामियों को दूर करने का लक्ष्य तय किया है।

15 अगस्त तक पूरी तरह सुचारु होगा VSK ऐप
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि संबंधित अधिकारियों और टेक्निकल टीम को VSK ऐप की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 15 अगस्त तक ऐप को पूरी तरह स्मूथ और सुचारु बना दिया जाएगा, ताकि शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करने की सुविधा मिल सके।
85 प्रतिशत शिक्षक रोज लगा रहे ऑनलाइन अटेंडेंस
प्रदेश के शिक्षकों का आभार जताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य के कुल 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग डेढ़ लाख शिक्षक (करीब 85 प्रतिशत) रोज VSK ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि:
“यह दर्शाता है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सरकार उनके इस सहयोग, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करती है।”

शिक्षकों के हितों की पूरी सुरक्षा का भरोसा
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन हाजिरी लगाने में परेशानी होती है, तो उसके हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा और किसी को भी तकनीकी खामी का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति VSK ऐप का उपयोग करते रहें और किसी भी समस्या या सुझाव को अधिकारियों तक जरूर पहुंचाएं, ताकि व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

