राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित संगीतमय कार्यक्रम ‘राग नांदगांव’ यादगार बन गया। युवा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से हजारों लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
जुबिन नौटियाल ने ‘एक मुलाकात’, ‘राम आए हैं’ और ‘श्री कृष्ण गोविंद’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर संगीत की महफिल में चार चांद लगा दिए। उनकी सुरीली आवाज पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। दिग्विजय स्टेडियम में उमड़ी भारी भीड़ के बीच पूरा माहौल संगीत और उत्साह से सराबोर नजर आया।

डॉ. रमन सिंह बोले- राजनांदगांव मेरी शान, पहचान और अभिमान
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में राजनांदगांव से जुड़े भावनात्मक रिश्ते को साझा किया। उन्होंने कहा कि उनका जन्म कवर्धा में हुआ, लेकिन राजनांदगांव ने उन्हें पहचान दी है। पिछले 40 वर्षों में यहां के लोगों से जो स्नेह और अपनापन मिला है, वह उनके लिए अमूल्य है।
डॉ. रमन सिंह ने भावुक अंदाज में कहा, “राजनांदगांव मेरी शान, मेरा अभिमान और मेरी पहचान है।” उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में कभी हौसला नहीं हारना चाहिए और निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
इस दौरान डॉ. रमन सिंह के आग्रह पर हजारों लोगों ने अपने मोबाइल फोन की टॉर्च जलाई, जिससे पूरा स्टेडियम रोशनी से जगमगा उठा। यह नजारा कार्यक्रम के सबसे यादगार पलों में शामिल रहा।
मंत्रियों ने की डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल की सराहना
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम और जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने भी डॉ. रमन सिंह के राजनीतिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने 15 वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व करते हुए छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाई। मंत्रियों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन व्यवस्थाओं ने देशभर में एक मिसाल पेश की।
कई दिग्गज रहे मौजूद
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री ओपी चौधरी, केदार कश्यप, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।जुबिन नौटियाल की शानदार गायकी, हजारों दर्शकों का उत्साह और डॉ. रमन सिंह का भावुक संबोधन इस आयोजन को यादगार बना गया। राजनांदगांव में आयोजित इस संगीत समारोह ने जन्मदिन के जश्न को एक भव्य सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया।