रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अब नई कोयला खदान नहीं खुलेगी. इसको लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बाद जिंदल ग्रुप ने जनसुनवाई का आवेदन वापस ले लिया है. बता दें कि गारे पेल्मा सेक्टर 1 में कोयला खदान को लेकर ग्रामीण जनसुनवाई का लगातार विरोध कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प देखने को मिली थी. जिंदल ग्रुप ने कहा कि हमले में कंपनी का बहुत नुकसान हुआ है.
गारे पेल्मा सेक्टर 1 में कोयला खदान को लेकर जनसुनवाई का ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे थे. इसको देखते हुए जेपीएल (Jindal Power Limited) जनसुनवाई का आवेदन वापस लेने का ऐलान किया है. जिंदल ग्रुप ने कहा कि हम जन भावनाओं का आदर करते हैं. 27 दिसंबर को हमारे ऊपर जानलेवा हमला किया गया. कोल हैंडलिंग प्लांट में आगजनी की गई. इसमें कंपनी को बहुत नुकसान हुआ है.

बता दें कि रायगढ़ जिले के तमनार में जेपीएल कोल माइन को लेकर शनिवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. इस दौरान महिला टीआई को लात मारी गई. हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे. इसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल था.