सरगुजा। सीतापुर के भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद ने अब प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप ले लिया है। घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने सोमवार से कामबंद-कलमबंद आंदोलन शुरू कर दिया है। इसके तहत प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर रहते हुए अपने कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि 27 मई को विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद से प्रशासनिक अधिकारियों में नाराजगी है। संगठन ने मामले में विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग उठाई है।

कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर शुरू हुए इस आंदोलन का असर राजस्व विभाग के कामकाज पर पड़ने की संभावना है। तहसील और राजस्व कार्यालयों में नामांतरण, सीमांकन, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र सहित कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
संघ का कहना है कि जब तक मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन और शासन की नजर बनी हुई है।