रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक का नाम बदलकर ‘सेवा संकल्प चौक’ किए जाने की चर्चा के बीच साहू समाज के विरोध के बाद सरकार ने मामले में संज्ञान लिया है। गुरुवार सुबह साहू समाज के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर से मुलाकात की और चौक का नाम बदले जाने को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
गोपाल साहू के नेतृत्व में पहुंचे साहू समाज के पदाधिकारियों ने महापौर के सामने तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदले जाने की मांग रखी। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर ने भी समाज के प्रतिनिधियों से चर्चा की। करीब सुबह 10:30 बजे हुई मुलाकात में नाम परिवर्तन को लेकर विस्तार से बातचीत हुई।

तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा
बैठक के बाद साहू समाज के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया गया कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जाएगा। यानी तेलीबांधा चौक अपनी मौजूदा पहचान के साथ ही रहेगा। वहीं, ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के नाम से नया चौक विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए मेक इन इंडिया चौक को प्रस्तावित किया गया है। महापौर ने साहू समाज के प्रतिनिधियों को स्पष्ट आश्वासन दिया कि तेलीबांधा चौक के नाम के साथ कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
विरोध के बाद बदला फैसला
दरअसल, सेवा संकल्प अभियान के तहत तेलीबांधा चौक को ‘सेवा संकल्प चौक’ के तौर पर विकसित किए जाने की चर्चा सामने आने के बाद साहू समाज ने इसका विरोध किया था। समाज का कहना था कि तेलीबांधा चौक की मौजूदा पहचान को बदला नहीं जाना चाहिए। विरोध के बाद सरकार और नगर निगम स्तर पर मामले को लेकर चर्चा हुई और अब नया स्थान तय किया गया है।
इस फैसले के बाद तेलीबांधा चौक का नाम बरकरार रहने का रास्ता साफ हो गया है, जबकि मेक इन इंडिया चौक को सेवा ज्योति संकल्प चौक के रूप में विकसित किए जाने की दिशा में आगे बढ़ने की बात सामने आई है।