जशपुर में प्लेन क्रैश की खबर निकली कोरी अफवाह, प्रशासन ने जांच के बाद दी सफाई

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोशल मीडिया पर एक विमान क्रैश होने की खबर तेजी से वायरल होने लगी। हालांकि, जिला प्रशासन और पुलिस की सघन जांच के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि प्लेन क्रैश की यह खबर महज एक अफवाह थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था धुआं और वीडियो

सोमवार दोपहर अचानक यह चर्चा शुरू हुई कि जशपुर के आरा पहाड़ इलाके में एक प्राइवेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में पहाड़ी क्षेत्र से गहरा धुआं उठता दिखाई दे रहा था। इसके साथ ही एक हेलीकॉप्टर के नीचे उड़ान भरने की तस्वीर भी साझा की जा रही थी, जिसे देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंचे कलेक्टर और एसपी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जशपुर जिला प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। कलेक्टर रोहित व्यास और एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

प्रशासनिक टीम ने आरा पहाड़ के दुर्गम इलाकों में न केवल पैदल सर्च ऑपरेशन चलाया, बल्कि ड्रोन की मदद से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। घंटों चली इस सघन जांच में कहीं भी किसी विमान के मलबे या दुर्घटना के साक्ष्य नहीं मिले।

ATC ने भी की पुष्टि

पुख्ता जानकारी के लिए प्रशासन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से भी संपर्क साधा। एटीसी ने स्पष्ट रूप से जानकारी दी कि उस क्षेत्र में किसी भी प्राइवेट जेट, हेलीकॉप्टर या अन्य विमान के लापता होने या दुर्घटनाग्रस्त होने की कोई सूचना दर्ज नहीं है।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर

प्रशासन अब उन वायरल वीडियो और तस्वीरों की पड़ताल कर रहा है जिनके आधार पर यह अफवाह फैली। यह जांच की जा रही है कि वीडियो कहाँ का है और इसे गलत संदर्भ में किसने प्रचारित किया। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के ऐसी खबरों को साझा न करें।

Exit mobile version