ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के मामले में भाजपा नेता को पार्टी ने थमाया नोटिस, बीजेपी नेत्री ने की थी शिकायत

मानपुर- मोहला। अवैध वसूली की शिकायत पर अंबागढ़-चौकी जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भाजपा नेता शंकर तिवारी को भाजपा जिला ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 5 दिन के भीतर जवाब मांगा है. जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर उनके खिलाफ पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई हो सकती है.

बता दें कि अंबागढ़- चौकी विकासखंड के ग्राम कोरचाटोला की सरपंच एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नीलिमा ठाकुर ने जनपद उपाध्यक्ष शंकर तिवारी पर ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का आरोप लगाया है. उन्होंने ब्लैकमेलिंग और वसूली से जुड़े ऑडियो-वीडियो क्लिप के साथ मामले की शिकायत कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ, जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा जिलाध्यक्ष से की थी.

भाजपा मंडल उपाध्यक्ष और कोरचाटोला की आदिवासी महिला सरपंच नीलिमा ठाकुर ने जिला भाजपा को लिखे पत्र में कहा है कि वह एक आदिवासी महिला सरपंच है. भाजपा परिवार की समर्थक है. पिछले कई वर्षों से पार्टी में काम कर रही है. वर्तमान में वह कौड़ीकसा मंडल में भाजपा उपाध्यक्ष का दायित्व निभा रही है. पति की मृत्यु हो गई है. जनपद उपाध्यक्ष शंकर तिवारी बार-बार पैसों की मांग करते हुए मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।

Exit mobile version