डेस्क। देशभर का मौसम करवट बदलने वाला है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने वाला है, इसके असर से मौसम बदल जाएगा और अगले 2 दिन दिल्ली-NCR समेत 10 राज्यों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है, जिस कारण चल रही बर्फीली हवाओं ने दिल्ली तक कोल्ड वेव का कहर बरपा रखा है। वहीं छत्तीसगढ़ में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में आज, कल और परसों भी बर्फबारी होने की संभावना है। हरियाणा, राजस्थान में तूफानी हवाओं के साथ बिजली गिर सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में आंधी-तूफान के साथ भयंकर बारिश हो सकती है। गुजरात-राजस्थान में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। आइए जानते हैं कि मौसम को लेकर IMD का अपडेट क्या कहता है?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में कोल्ड वेव ने ठिठुरन बढ़ा रखी है, लेकिन दिन में धूप खिलने से गर्मी का अहसास भी हो रहा है। दिल्ली-NCR में इस बार सर्दी के सीजन में मौसम के अजीबोगरीब रंग देखने को मिल रहे हैं। धुंध ज्यादा दिन नहीं पड़ी, लेकिन शीतलहर ने लगातार कहर बरपाया हुआ है। 22-23 जनवरी को दिल्ली-NCR में बारिश होने का यलो अलर्ट है।
इन राज्यों में बारिश होने का अलर्ट
IMD के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और निचले क्षोभमंडल में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। पश्चिमी राजस्थान पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। एक और पश्चिमी विक्षोभ समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर एक्टिव होने वाला है। इसके असर से आज, कल और परसो 21 से 23 जनवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। गरज चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।
22 और 23 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने और बारिश होने की संभावना है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन मन्नार की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका के ऊपर मध्य क्षोभमंडल स्तर पर मजबूत हो रहा है। इसके असर से तमिलनाडु तट पर उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। 23 जनवरी तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
कोहरे और कोल्ड डे की चेतावनी
IMD के अनुसार, 23 और 24 को राजस्थान, 22-23-24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, 23 और 24 जनवरी को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल में सुबह-शाम घना कोहरा छा सकता है। 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में ठंडे दिन की स्थिति रहने की संभावना है। मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे आज और कल कोमोरिन क्षेत्र और आसपास की मन्नार की खाड़ी में न जाएं। दक्षिण श्रीलंका और दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में जाने से भी बचें।