भिलाई। नगर निगम भिलाई के 66 एमएलडी जलशोधन संयंत्र में खराबी आने से भिलाई और रिसाली निगम के कई वार्डों में 25 और 26 नवंबर को पानी सप्लाई नहीं होगी। हालांकि निगम प्रशासन इन वार्डों में टैंकर से पानी सप्लाई करेगा, पानी की समस्या न हो। निगम प्रशासन ने लोगों से पानी बचाकर रखने व व्यर्थ न बहाने की अपील की है।

फिल्टर प्लांट के 800 एमएम डाया का स्लूस वॉल्व खराब हो गया है। फिलहाल शहर में पानी की समस्या न हो, इसलिए इसे डायरेक्ट कर आपूर्ति की जा रही है। वॉल्व को सुधारने के लिए निगम शटडाउन लेगा इसलिए भिलाई के नेहरू नगर, स्मृति नगर, खम्हरिया, स्लाटर हाउस, फरीद नगर में पानी सप्लाई नहीं हो पाएगी। इसी प्रकार रिसाली के रूआबांधा, मरोदा, नेवई, रिसाली में आंशिक रूप से पानी सप्लाई प्रभावित होगा। इस वॉल्व को बनाने में 8 से 10 घंटे का समय लग सकता है।