रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का गंभीर मामला सामने आया है। निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर ओडिशा के सुंदरगढ़ की एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया। आरोप है कि प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को निःसंतान दंपत्ति को बेचने की कोशिश की गई। महिला के विरोध करने पर उसे बच्चे समेत बंधक बनाकर रखा गया। मामले में आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां आने के बाद कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।
आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। महिला ने जब इसके लिए मना किया तो उसे डराया-धमकाया गया।

प्रसव के बाद बच्चे समेत बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद पीड़िता को नवजात शिशु सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि प्रसव में हुoए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। आरोप है कि उसकी अनुमति के बिना नवजात को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
अन्य नवजातों की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता की आशंका
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आजाद चौक पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, पूर्व में हुई घटनाओं और संभावित खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी महिलाएं
- कृतिका साहू (34 वर्ष), निवासी आमापारा रामकुंड, थाना आजाद चौक, रायपुर।
- अहिल्या नामदेव (40 वर्ष), निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
- गीतिका नाग (36 वर्ष), निवासी स्टोरपारा पुरैना, भिलाई-03, जिला दुर्ग।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। नवजात शिशुओं की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।