भिलाई नगर। भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए एक हादसे में 33 वर्षीय ठेका श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग (सीओ एवं सीसीडी) के एमसीआर-3 क्षेत्र में हुआ। भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने दुर्घटना की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब 4:35 बजे कोक ओवन बैटरी नंबर 5 एवं 6 के एमसीआर-3 क्षेत्र के पीछे हुई। अचानक आवाज सुनाई देने पर आसपास काम कर रहे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहां ललित कुमार साहू (33) हेमन मेक स्किड स्टीयर लोडर के सामने के दरवाजे और बकेट के बीच फंसे हुए मिले।
बताया गया कि दुर्घटना के समय मशीन चालू अवस्था में थी। ललित कुमार साहू का निचला शरीर मशीन के बाहर, जबकि ऊपरी शरीर मशीन के अंदर और दरवाजे के कांच की ओर था।

घटना के बाद कर्मचारियों ने उन्हें मशीन से बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस से एमएमपी-1 ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक ललित कुमार साहू मेसर्स उत्कल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में एसएसडब्ल्यू (संविदा कर्मचारी) के पद पर कार्यरत थे और सोमवार को सामान्य पाली में ड्यूटी पर थे।
मृतक के निकटतम परिजन के रूप में उनकी पत्नी निर्मला साहू (32 वर्ष) का नाम दर्ज है। परिवार का पता नवागांव, वार्ड क्रमांक 09, राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ बताया गया है।
हादसे के बाद संयंत्र में एक बार फिर कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।