गरियाबंद। जिले की पैरी नदी पर बने कूकदा पिकअप वियर में पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के युवक-युवती की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से दोनों के शव बाहर निकाले गए।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार दोस्त रविवार दोपहर गरियाबंद घूमने पहुंचे थे। सभी दोस्तों ने कूकदा पिकअप वियर के पास भोजन किया और इसके बाद चेकडैम में नहाने उतर गए। इसी दौरान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना नहाते समय अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

साथ मौजूद 30 वर्षीय पीयूष मंडल युवती को बचाने के लिए तुरंत पानी में उतरा, लेकिन वह भी गहराई और तेज बहाव की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए। घटना से घबराए अन्य दो दोस्तों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद किए गए। एसडीओपी निशा सिन्हा ने बताया कि मामले में पाण्डुका थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गर्मी के मौसम में नदी-नालों एवं पिकअप वियर में नहाते समय सावधानी बरतें।