राजनांदगांव में दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई कार, दुर्ग के 4 लोगों की मौत

राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दुर्ग के आदित्य नगर निवासी चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोमनी स्थित ब्लिस होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार डिवाइडर से जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक, कार में आदित्य नगर निवासी पांच लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन रांग साइड में चल रहा था, इसी दौरान डिवाइडर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक युवक घायल हुआ है।

मृतकों में प्रशांत दासे, अभिषेक तिवारी, प्रताप और एक अन्य युवक शामिल हैं, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। वहीं सूरज पांडेय घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक तिवारी का जन्मदिन भी था। जन्मदिन के मौके पर निकले दोस्तों के साथ हुए इस हादसे से इलाके में मातम पसरा हुआ है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Exit mobile version