CG – शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 28 अधिकारियों के तबादले, कई जिलों को मिले नए डीईओ

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्यभर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO), सहायक संचालकों और प्राचार्यों को विभिन्न जिलों एवं कार्यालयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होगा। विभाग का उद्देश्य शिक्षा प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाना, शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाना और जिलों में प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करना बताया गया है।

राज्य के कई जिलों में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। इनमें महासमुंद, रायपुर, बिलासपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, बलौदाबाजार-भाटापारा, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बेमेतरा, बीजापुर, नारायणपुर और बालोद शामिल हैं।

आदेश के अनुसार प्रभारी उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय बी.एल. देवांगन को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद नियुक्त किया गया है। वहीं प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर हिमांशु भारतीय को प्रभारी उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय में पदस्थ किया गया है। एम.जी. सतीश कुमार को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर तथा रमेश्वर जायसवाल को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा कई विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और सहायक संचालकों को पदोन्नत दायित्व देते हुए जिला स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को संचालनालय एवं संभागीय कार्यालयों में स्थानांतरित किया गया है।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह प्रशासनिक पुनर्संरचना विभागीय कार्यों में तेजी लाने, शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जिलों में बेहतर प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। इस आदेश के बाद राज्य के शिक्षा प्रशासन में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

Exit mobile version