CG – कलयुगी कंस मामा! ढाई साल की भांजी का ब्लेड से काटा गला, चले गई जान… भांजे और बहन पर भी ब्लेड से वार… बहन की दूसरी शादी से नाराज था भाई

CG

रायपुर। बहन की दोबारा शादी एक भाई को इतनी नागवार गुजरी कि गुस्से में उसने अपनी ढाई साल की भांजी की ब्लेड से गला काटकर नृशंस हत्या कर दी। भांजे के साथ बहन को भी जान से मारने के लिए दौड़ाया। गनीमत कि वे बच गए। 10 मार्च को शहर के दम्मानी कॉलोनी में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसे बिहार के जमुई से गिरफ्तार कर लिया है।

जितेश ताती पत्नी सोनी कुमारी और दो बच्चों के साथ दम्मानी कॉलोनी के किराए के मकान में रहता है। सोनी कुमारी ने पहले पति के मारपीट से तंग आकर 2 साल पहले जितेश से दूसरी शादी की थी। पहले पति से सोनी की एक ढाई साल की बेटी सुरुचि है, जबकि 1 साल का बेटा शिवम कुमार, दूसरे पति जितेश का है। 10 मार्च को जितेश ट्रक ड्राइवरी के काम में गया था। इस दौरान सोनी कुमारी ने अपने पति जितेश ताती को फोन करके बताया कि बिहार से उसका भाई साहेब कुमार ताती आया है। उसे मायके ले जाना चाहता है।

वह हमारी दूसरी शादी से नाराज है और झगड़ा भी कर रहा था। फिलहाल उसे और बच्चों को खाना खिलाकर वह बर्तन मांज रही थी। बच्चे सो रहे थे। तभी अचानक भीतर से जोरदार बच्चों के रोने की आवाज आई। वह दौड़कर भीतर गई। सोनी ने देखा कि भाई साहेब ताती के हाथों में ब्लेड था। उसने ढाई और 1 साल के बच्चे सुरुचि और शिवम के गले पर ब्लेड से वारकर बेरहमी से काट दिया था। बिस्तर के चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। सोनी यह देखकर डर गई। उसने भाई को रोकने की कोशिश की तो वह उसे भी जान से मारने के लिए ब्लेड से हमला कर दिया। ब्लेड सोनी के पीठ में लगा, जिससे लंबा कट लग गया।

इस वारदात के बाद आरोपी साहेब मौके से फरार हो गया। शोरगुल की आवाज सुनकर पड़ोसी जब घर के भीतर पहुंचे। तो दोनों बच्चे और मां बुरी तरह घायल थे। जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। जबकि सालभर के शिवम और मां का इलाज जारी है। इस मामले की शिकायत सोनी के पति जितेश ताती ने थाने में की।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना के बाद क्राइम ब्रांच और गोबरा नवापारा थाने की टीम जमुई जिला, बिहार के लिए रवाना हुई। आरोपी इतना शातिर था कि वह लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था। हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी साहेब कुमार ताती को पुलिस ने हत्या के मामले में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Exit mobile version