दुर्ग। भारत और South Africa national cricket team के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते दो सटोरियों को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 50 लाख रुपए की सट्टा पट्टी जब्त की गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि असरफ नगर, तकियापारा दुर्ग स्थित एक मकान में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे मैच पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान मकान के अंदर एलईडी टीवी पर लाइव मैच चल रहा था और मोबाइल फोन के माध्यम से हार-जीत पर रुपए का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे क्रिकेट मैच में हार-जीत पर दांव लगवाकर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, रजिस्टर में लिखी सट्टा पट्टी, एक डॉट पेन, डीवीआर सहित कुल 2 लाख 70 हजार 500 रुपए का सामान जब्त किया है। इसके अलावा करीब 50 लाख रुपए की सट्टा पट्टी भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- सोहेल अहमद खान उर्फ मामू (35 वर्ष), निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग
- संतोष कुमार गोंड (38 वर्ष), निवासी रुआबांधा कुदरापारा वार्ड नंबर 4 भिलाई नगर दुर्ग
फरार आरोपी
- शाहिल उर्फ सोनू (31 वर्ष), निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग
पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।