बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी में गुरुवार शाम तालाब में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। हादसे के वक्त दोनों बच्चे अपने पिता के साथ तालाब पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि पिता बच्चों को तालाब के पास छोड़कर मोबाइल पर किसी से बात करने लगे। इसी दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
मृतकों की पहचान 7 वर्षीय दीपू पैकरा और 4 वर्षीय चींटू पैकरा के रूप में हुई है। दोनों ग्राम चिल्हाटी निवासी किसान भक्त प्रहलाद पैकरा के बेटे थे।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम भक्त प्रहलाद अपने दोनों बेटों को लेकर गांव के तालाब गए थे। पिता मोबाइल पर बात कर रहे थे, जबकि दोनों बच्चे तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान छोटा बेटा चींटू फिसलकर पानी में गिर गया। उसे डूबता देखकर बड़ा भाई दीपू भी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। तालाब का पानी गहरा होने के कारण दोनों बच्चे डूबने लगे।
कुछ देर बाद एक व्यक्ति की नजर बच्चों पर पड़ी और उसने आसपास के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। उनकी हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल पचपेड़ी अस्पताल ले गए, जहां से मस्तूरी रेफर किया गया। मस्तूरी में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।